दिनांक:22/12/2025
रिपोर्ट by: अभिषेक त्रिवेदी तहसील रिपोर्टर
विधायक की मौजूदगी में समाजसेविका ने जरूरतमंदों को बांटे कंबल, 80 लोग हुए लाभान्वित।
हरपालपुर कड़ाके की ठंड और शीत लहर के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए क्षेत्र में जरूरतमंद एवं निराश्रित लोगों की मदद के लिए कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू की उपस्थिति में समाजसेविका श्रीमती शालिनी सिंह द्वारा गांव के निवासियों को ठंड से बचाव के लिए कंबल वितरित किए गए, जिससे कुल 80 लोग लाभान्वित हुए।

इस अवसर पर समाजसेविका श्रीमती शालिनी सिंह ने बताया कि उनका उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव बरनई के प्रत्येक घर और परिवार तक पहुंचाना है, ताकि हर व्यक्ति सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं से अवगत हो सके और उनका लाभ उठा सके।विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने समाजसेविका के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सामाजिक कार्य ठंड के मौसम में जरूरतमंदों के लिए बड़ी राहत साबित होते हैं और समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।

कार्यक्रम के दौरान संचालक संजीव श्रीवास्तव, विधायक प्रतिनिधि डॉ. रजनीश त्रिपाठी भी मौजूद रहे। वहीं संस्था के सदस्य सवेंद्र, पुष्पेंद्र, जितेंद्र, राजू, हिमांशु, भीम, आदेश, रामगुड्डा, मदनपाल, सर्वेश, पप्पू, भूरे सहित अनेक सम्मानित ग्रामवासी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।कंबल वितरण के दौरान ग्रामीणों में संतोष और खुशी देखने को मिली तथा लाभार्थियों ने समाजसेविका एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।





