दिनांक:22/12/2025
रिपोर्ट by:ब्यूरो चीफ – बिष्णुकान्त बाजपेई
सलौनी का तालाब बना अव्यवस्था की मिसाल, वर्षों बाद भी पानी नसीब नहीं।
हरदोई भरखनी ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत सलौनी में मनरेगा योजना के तहत निर्मित तालाब आज बदहाली की तस्वीर पेश कर रहा है। लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद तालाब वर्षों बाद भी पानी से वंचित है, जिससे ग्रामीणों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है।तालाब का निर्माण इस उद्देश्य से किया गया था कि वर्षा जल का संचयन हो सके, पशुओं को पेयजल मिले और ग्रामीणों को सिंचाई में सुविधा हो। योजना के अनुसार तालाब के चारों ओर मिट्टी से ऊंचा स्थान बनाकर बीच में जलभराव की व्यवस्था की जानी थी, लेकिन वर्तमान में स्थिति यह है कि तालाब चारों ओर से क्षतिग्रस्त है और पूरी तरह सूखा पड़ा है। तेज हवा चलने पर तालाब से धूल उड़ती दिखाई देती है।

ग्रामीणों का आरोप है कि मनरेगा योजना के नियमों के विपरीत तालाब की खुदाई श्रमिकों से न कराकर जेसीबी मशीन से कराई गई, जिससे न तो ग्रामीणों को रोजगार मिला और न ही निर्माण गुणवत्ता सुनिश्चित हो सकी। निर्माण के कई वर्ष बीत जाने के बाद भी तालाब में आज तक पानी नहीं भरा गया, जिससे योजना की पारदर्शिता और उपयोगिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि देखरेख के अभाव और अनियमितताओं के चलते तालाब केवल कागजों में ही सीमित रह गया है। इस संबंध में जब ग्राम पंचायत विकास अधिकारी सोमेंद्र प्रताप सिंह से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा तालाब को शीघ्र जलसंचयन योग्य बनवाने की मांग की है।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।




