पिलखुवा l दिनांक:25/12/2025
रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी
पिलखुआ में संघ के बाल स्वयंसेवकों का भव्य बाल पथ संचलन, नगरवासियों ने की पुष्वर्षा।
तुलसी दिवस के पावन अवसर पर बुधवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, पिलखुआ नगर के तत्वावधान में बाल स्वयंसेवकों द्वारा अनुशासन, एकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश देता हुआ भव्य बाल पथ संचलन आयोजित किया गया। इस अवसर पर संघ के नन्हे स्वयंसेवक पूर्ण गणवेष में कदमताल करते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरे, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में नगरवासी सड़कों पर उमड़ पड़े।

बाल पथ संचलन का शुभारंभ लाला गंगा सहाय धर्मशाला, गांधी बाजार पिलखुआ से हुआ। संचलन गांधी बाजार से कृष्णगंज, मेन तिराहा होते हुए छिपीवाड़ा से गोविन्द मेडिकल स्टोर के मार्ग से पुनः धर्मशाला पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान लगभग 210 बाल स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में घोष के साथ अनुशासित ढंग से नगर के विभिन्न मार्गों पर पथ संचलन किया।

नगर के लोगों ने छोटे-छोटे बच्चों को अनुशासनबद्ध ढंग से कदमताल करते देख उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया। कई स्थानों पर नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा कर बाल स्वयंसेवकों का अभिनंदन किया गया, जिससे पूरा नगर देशभक्ति और सामाजिक एकता के भाव से सराबोर नजर आया।कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के हापुड़ जिले के जिला कार्यवाह पंकज सिंह ने उपस्थित स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए वीर जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के त्याग और बलिदान का स्मरण कराया। उन्होंने कहा कि इन महान वीरों का जीवन समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है। पंकज सिंह ने स्वयंसेवकों से समाज में एकता बनाए रखने, नागरिक कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने तथा प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य समाज को संगठित कर राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाना है और बाल स्वयंसेवक इस दिशा में भविष्य की मजबूत नींव हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठित होकर राष्ट्रहित में कार्य करने का संदेश दिया।इस अवसर पर कार्यक्रम में नगर संघचालक, नगर कार्यवाह अभिषेक, नगर प्रचार प्रमुख मनोज सिसोदिया, शारीरिक प्रमुख संदीप, सह नगर कार्यवाह प्रद्युमन, सह प्रचार प्रमुख विजय शर्मा के साथ ही अजय, नीरज, गिरीश, कुशलेन्द्र, हरीश अग्रवाल सहित पिलखुआ नगर कार्यकारिणी के समस्त सदस्य एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।बाल पथ संचलन के सफल आयोजन से नगर में अनुशासन, सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का संदेश स्पष्ट रूप से देखने को मिला।





