दिनांक:27/12/2025
रिपोर्ट by: क्राइम ब्यूरो चीफ़ पुनीत कुमार शुक्ला
हरदोई में अटल जी राष्ट्र निर्माण की विचारधारा थे-सांसद जयप्रकाश रावत।अटल जी कुशल राजनेता,साहित्यकार, और निर्भीक पत्रकार भी थे-राजनी तिवारीशाहाबाद हरदोई भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जन्म शताब्दी के अवसर पर शनिवार को शाहाबाद ब्लॉक सभागार में अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में वक्ताओं ने अटल जी के व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए उन्हें भारतीय राजनीति का युगपुरुष बताया।

कार्यक्रम के सहसंयोजक त्रिपुरेश मिश्रा ने मुख्य अतिथि हरदोई सांसद जयप्रकाश रावत एवं उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी का स्वागत किया। सम्मेलन की शुरुआत भाजपा राष्ट्रीय परिषद सदस्य पी.के. वर्मा के संबोधन से हुई। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई ऐसे राजनेता थे, जिनकी कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं था। वे सिद्धांतों की राजनीति के प्रतीक थे और आज भी उनके विचार मार्गदर्शक हैं।

हरदोई सांसद जयप्रकाश रावत ने कहा कि उन्हें करीब 14 वर्षों तक अटल जी के नेतृत्व में कार्य करने का अवसर मिला,जो उनके जीवन का गौरवपूर्ण अनुभव रहा। अटल जी लखनऊ से सांसद थे, लेकिन हरदोई से उनका विशेष लगाव था। वे हरदोई के पुराने कार्यकर्ताओं और परिचितों की नियमित रूप से जानकारी लेते रहते थे तथा उनके कार्यालय में हरदोई के कई लोग कार्यरत रहे। सांसद ने कहा कि विदेश मंत्री रहते हुए अटल जी ने संयुक्त राष्ट्र संघ में हिंदी में भाषण देकर न केवल हिंदी भाषा का गौरव बढ़ाया,बल्कि भारत को विश्व मंच पर नई पहचान दिलाई।
उच्चशिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेई एक कुशल राजनेता होने के साथ-साथ संवेदनशील कवि, साहित्यकार और निर्भीक पत्रकार भी थे। उन्होंने सदन में विपक्ष से कहा था आप भाजपा से लड़ सकते हैं, लेकिन भारत से नहीं,उनका यह कथन आज भी राष्ट्रहित की राजनीति का मूल मंत्र है। मंत्री ने अटल जी की पाकिस्तान यात्रा के दौरान एक महिला पत्रकार से हुई संवादात्मक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि अटल जी की वाक्पटुता, बुद्धिमत्ता और राष्ट्रभक्ति का कोई सानी नहीं था।

राज्यमंत्री ने कहा कि अटल जी की कविताएं आज भी देश को नई दिशा देती हैं। उनकी पंक्तियां ‘हम सबको कदम से कदम मिलाकर चलना होगा’ देशवासियों को एकजुट होकर विकसित भारत के संकल्प की प्रेरणा देती हैं। अटल जी ने अपने पूरे जीवन में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवाद और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा।

सम्मेलन में ब्लॉक प्रमुख त्रिपुरेश मिश्रा,जिला महामंत्री सत्येंद्र राजपूत, जिला पंचायत सदस्य लालाराम राजपूत,संजीव वर्मा,प्रधानगण सदस्य शरद सिंह, प्रवीण सिंह,धीरेन्द्र सिंह,कश्मीर सिंह,पुतन्ने सिंह,क्षेत्र पंचायत सदस्य कुंदन सिंह,नगर अध्यक्ष अनिल पाण्डेय पिन्टू सहित सैंकड़ो की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।




