दिनांक:28/12/2025
रिपोर्ट by: ब्यूरो संवाद
भीषण शीतलहर को लेकर सीएम योगी ऐक्शन मोड में, गरीबों-जरूरतमंदों की सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश।
उत्तर प्रदेश में पड़ रही भीषण शीतलहर और घने कोहरे को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूरी तरह ऐक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। गरीबों, जरूरतमंदों, यात्रियों और छोटे बच्चों को मौसम की मार से बचाने के लिए सरकार लगातार निगरानी और आवश्यक कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि प्रदेश सरकार ठंड के इस दौर में पूरी संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है, ताकि किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की परेशानी न हो।रविवार की शाम गोरखपुर पहुंचते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रैन बसेरों का निरीक्षण किया और वहां मौजूद व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रैन बसेरों में ठहरने वाले लोगों को पर्याप्त कंबल, गर्म कपड़े और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। सीएम ने कहा कि भीषण शीतलहर से गरीबों और हर जरूरतमंद को बचाना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसके लिए डबल इंजन सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मौसम की गंभीरता को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर विद्यालयों को बंद किया जाए और अवकाश घोषित किया जाए। उन्होंने साफ कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यदि हालात ज्यादा खराब हों तो शैक्षणिक गतिविधियों को वर्चुअल माध्यम से संचालित करने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

सीएम के निर्देशों के बाद शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। शीतलहर और कोहरे की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी जिले में ठंड के कारण जनजीवन प्रभावित न हो और जरूरत पड़ने पर तत्काल निर्णय लिए जाएं।मुख्यमंत्री ने आम जनता से भी अपील की है कि शीतलहर के दौरान सतर्क रहें, बेवजह बाहर निकलने से बचें और अपने आसपास के गरीब, बेसहारा और जरूरतमंद लोगों की मदद करें। प्रशासन की ओर से भी राहत कार्यों को तेज कर दिया गया है, ताकि ठंड के इस प्रकोप में कोई भी व्यक्ति असहाय न रहे।

प्रदेश में जारी शीतलहर के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह सक्रिय रुख साफ दर्शाता है कि सरकार हर वर्ग की सुरक्षा को लेकर गंभीर है और हालात के अनुसार सख्त एवं त्वरित फैसले लेने के लिए पूरी तरह तैयार है।




