दिनांक:05/01/2026
रिपोर्ट by: संवाददाता इस्तेकार चौधरी
पिलखुवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी का ऑटो बरामद कर दो शातिर आरोपी गिरफ्तार।
पिलखुवा से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां थाना पिलखुवा कोतवाली पुलिस ने चोरी के एक ऑटो को बरामद करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बीती रात पुलिस द्वारा की गई, जिससे क्षेत्र में वाहन चोरों के खिलाफ सख्त संदेश गया है।

पुलिस के अनुसार, टीम ने गश्त के दौरान गांव बड़ौदा हिंदवान जाने वाले रास्ते पर संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो युवकों को रोका। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी किया गया ऑटो बरामद किया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुन्नू उर्फ आसिफ पुत्र सफीक और अब्दुल्लाह अंसारी पुत्र सफीक के रूप में हुई है। दोनों आरोपी मोहल्ला किशनगंज नई आबादी, ईदगाह रोड, पिलखुवा के निवासी बताए जा रहे हैं।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 30 दिसंबर की देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर स्थित पिलर नंबर 88 के पास से ऑटो चोरी किया था। चोरी के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से ऑटो को बड़ौदा हिंदवान के जंगल में छिपा दिया गया और उसकी नंबर प्लेट निकालकर रास्ते में फेंक दी गई थी।पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी चोरी किए गए ऑटो को बेचने की योजना बना रहे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है और अन्य चोरी की घटनाओं से संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है।





