दिनांक12/01/2026
रिपोर्ट by: जिला प्रभारी विष्णुकांत बाजपेई
पाली थाने में दिनदहाड़े हत्या, पुलिस अभिरक्षा में महिला को पति ने मारी गोली, विवेचक समेत दो निलंबित।
पाली, हरदोई। पाली थाना परिसर में सोमवार को हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अभिरक्षा में मौजूद एक महिला को उसके पति ने थाने के अंदर ही गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान जिला अस्पताल हरदोई में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला बीते 7 जनवरी को अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी, जिस पर महिला के पति ने सुरजीत पुत्र अरविंद निवासी बख्तावरगंज, थाना मिर्जापुर, जिला शाहजहांपुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस रविवार को महिला को बरामद कर पाली थाने लाई थी।सोमवार सुबह करीब 10 बजकर 45 मिनट पर महिला का पति अनूप थाने पहुंचा। उसी दौरान महिला थाने के भोजनालय से निकलकर कार्यालय की ओर जा रही थी। महिला को देखते ही आरोपी पति ने आपा खो दिया और अचानक तमंचा निकालकर उस पर फायर कर दिया। गोली लगते ही महिला लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल हरदोई भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं पुलिस ने मौके से आरोपी पति को तमंचा सहित गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई और पचदेवरा, शाहाबाद व मझिला थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात की गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह और आलोक राज नारायण मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में लापरवाही सामने आने पर एसपी ने मुकदमे के विवेचक विक्रांत चौधरी और महिला कांस्टेबल संजना को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। दिनदहाड़े थाने के अंदर हुई इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है और कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।




