दिनांक:5/03/2026
रिपोर्ट by; क्राइम ब्यूरो पुनीत कुमार शुक्ला
गर्रा नदी में डूबने से युवक की मौत, दूसरे दिन कड़ी मशक्कत के बाद गौताखोरों ने बरामद किया शव।
होली खेलने के बाद नहाने गया था युवक, परिवार में मचा कोहराम
शाहाबाद (हरदोई) कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला उधरनपुर निवासी एक युवक की गर्रा नदी में डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने काफी प्रयास किए और दूसरे दिन युवक का शव नदी से बरामद कर लिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम का माहौल है।जानकारी के अनुसार, उधरनपुर निवासी 40 वर्षीय रामसिंह पुत्र रामबक्स 4 मार्च को होली खेलने के बाद गांव के बाहर बहने वाली गर्रा नदी में नहाने के लिए गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी गई। एडिशनल एसपी आलोक राज नारायण के नेतृत्व में पुलिस और गोताखोरों ने लगातार सर्च अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद दूसरे दिन गुरुवार को करीब दोपहर एक बजे युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।बताया जा रहा है कि मृतक विवाहित था और उसके दो अविवाहित पुत्र और एक पुत्री हैं। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

एडिशनल एसपी आलोक राज नारायण ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग करने वाली गोताखोर टीम को जल्द ही सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा, ताकि उनका उत्साहवर्धन किया जा सके।





