दिनांक:06/03/2026
रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी
रमजान के तीसरे जुम्मे पर सिखेड़ा की मस्जिदों में उमड़ी नमाजियों की भीड़, अमन-चैन और भाईचारे के लिए मांगी दुआ।
जामा मस्जिद सहित क्षेत्र की मस्जिदों में अकीदत के साथ अदा की गई जुम्मे की नमाज।
पिलखुवा/हापुड़ जनपद हापुड़ के पिलखुवा क्षेत्र के गांव सिखेड़ा में पवित्र माहे रमजान के तीसरे जुम्मे के मौके पर जामा मस्जिद सहित क्षेत्र की सभी मस्जिदों में अकीदत और श्रद्धा के साथ जुम्मे की नमाज अदा की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में नमाजी मस्जिदों में पहुंचे और अल्लाह की इबादत करते हुए देश में अमन, शांति और भाईचारे की दुआ मांगी।

रमजान के तीसरे जुम्मे को लेकर सुबह से ही मस्जिदों में खास रौनक देखने को मिली। गांव सिखेड़ा स्थित जामा मस्जिद में नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। आसपास के इलाकों से भी नमाजी मस्जिद में पहुंचकर जुम्मे की नमाज में शामिल हुए।नमाज के दौरान इमाम ने रमजान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को आपसी सौहार्द, भाईचारे और समाज में शांति बनाए रखने का संदेश दिया। नमाज के बाद नमाजियों ने देश और दुनिया में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की के लिए विशेष दुआएं मांगी।

इस अवसर पर गांव के जिम्मेदार लोगों और बुजुर्गों ने भी लोगों से आपसी प्रेम और भाईचारे को बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि रमजान का महीना इंसानियत, सब्र और इबादत का पैगाम देता है और हमें एक-दूसरे की मदद करने और समाज में शांति बनाए रखने की प्रेरणा देता है।इस्लाम धर्म में रमजान के महीने को रहमतों और बरकतों का महीना माना जाता है। इस पूरे महीने में रोजेदार रोजा रखते हैं, नमाज अदा करते हैं और इबादत के जरिए अल्लाह की रहमत हासिल करने की कोशिश करते हैं।

गांव सिखेड़ा में रमजान के इस पवित्र अवसर पर धार्मिक माहौल के साथ-साथ आपसी भाईचारे और सौहार्द की भी खूबसूरत झलक देखने को मिली। गांव के लोगों ने मिलकर इस मौके को शांति और एकता के संदेश के साथ मनाया।






