दिनांक:27/03/2026
रिपोर्ट by: संवाददाता इस्तेकार चौधरी
कंदोला गांव का ऐतिहासिक मेला धूमधाम से सम्पन्न, दंगल और झांकियों ने बढ़ाई रौनक।
जनपद हापुड़ के धौलाना क्षेत्र के गांव कंदोला में आयोजित होने वाला ऐतिहासिक मेला इस वर्ष भी पारंपरिक उत्साह और भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। करीब 60 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहे इस मेले में गांव सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।मेले की विशेषता यह रही कि यहां धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक और खेलकूद कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। रागिनी कार्यक्रम, विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं और कुश्ती दंगल ने मेले की रौनक को और बढ़ा दिया। दंगल में दूर-दराज से आए पहलवानों ने अपने दमखम का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

नवरात्र के पावन अवसर पर दुर्गा अष्टमी के दिन विशेष झांकियां निकाली गईं। चामुंडा मंदिर से दुर्गा मां मंदिर तक पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ झांकियों का भव्य जुलूस निकाला गया। इस दौरान विशेष पंखा अनुष्ठान भी संपन्न कराया गया, जिसे मंदिर के महंत द्वारा विधि-विधान के साथ स्थापित किया गया। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर पूजा-अर्चना की।मेले के सफल आयोजन में मां दुर्गा मेला कमेटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कमेटी के सदस्यों ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखते हुए मेले को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया।

इस अवसर पर विनोद सिसोदिया एडवोकेट, अनुज राणा एडवोकेट, लोकेश मास्टर, राहुल बीडीसी, सतीश वकील सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में गाजियाबाद के पूर्व सांसद रमेश चंद तोमर के पुत्र विकास तोमर भी शामिल हुए। उन्होंने कुश्ती दंगल का उद्घाटन कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।गांव कंदोला का यह मेला धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक बनकर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाए हुए है।




