पिलखुवा में लोहा व्यापारी की दुकान में चोरी, नकदी और सामान लेकर फरार हुए बदमाश।

SHARE:

दिनांक:27/03/2026

रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी

पिलखुवा में लोहा व्यापारी की दुकान में चोरी, नकदी और सामान लेकर फरार हुए बदमाश।

जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। बदमाशों ने एक लोहा व्यापारी के प्रतिष्ठान को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये की नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।जानकारी के अनुसार मोहल्ला पुरा पिलखुवा निवासी लोहा व्यापारी एवं समाजसेवी सुनील कुमार गर्ग का गांधी रोड स्थित रेलवे फाटक के पास “गर्ग बिल्डिंग स्टोर” के नाम से प्रतिष्ठान है। गुरुवार शाम रोजाना की तरह वह दुकान बंद कर घर चले गए थे।

शुक्रवार सुबह जब व्यापारी दुकान पर पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। दुकान के भीतर सामान बिखरा पड़ा था और गल्ले से करीब 15 हजार रुपये नकद के साथ-साथ लोहे का कीमती सामान गायब था।बताया जा रहा है कि बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया। उन्होंने पड़ोस के अहाते की ओर से टीन शेड पर लगे एग्जॉस्ट फैन को हटाया और जंगला काटकर दुकान के अंदर प्रवेश किया। इसके बाद आराम से चोरी कर मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर रात करीब 3 बजे दो संदिग्ध युवक दुकान में घुसते नजर आए हैं। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचा जा सकेगा।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के व्यापारी मौके पर एकत्र हो गए और लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर नाराजगी जताई। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Read More