दिनांक:31/03/2026
रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी
हापुड़ में इंसानियत शर्मसार: चोरी के शक में 7 साल के बच्चे को डिप फ्रीजर में बंद किया, आरोपी गिरफ्तार।
जनपद हापुड़ से एक बेहद चौंकाने वाली और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। थाना धौलाना क्षेत्र के गांव शेखपुरा खिचरा में एक मासूम बच्चे के साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है।जानकारी के अनुसार, सोमवार रात एक डेंटिंग-पेंटिंग की दुकान पर पहुंचे करीब 7 वर्षीय बच्चे पर दुकान से सामान चोरी करने का शक जताया गया। आरोप है कि दुकान मालिक ने बच्चे को डराने और सजा देने के नाम पर उसे डिप फ्रीजर के अंदर बंद कर दिया। बताया जा रहा है कि बच्चे को लगभग एक मिनट तक फ्रीजर में बैठाए रखा गया, जिससे उसकी जान को भी खतरा हो सकता था।

इस घटना का वीडियो किसी व्यक्ति द्वारा बना लिया गया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो के सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में आक्रोश फैल गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी पहचान आजाद पुत्र जाहिद निवासी बझेडा कला, थाना कपूरपुर, जनपद हापुड़ के रूप में हुई है। आरोपी की शेखपुरा खिचरा गांव में ही डेंटिंग-पेंटिंग की दुकान बताई जा रही है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच जारी है और बच्चे की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।

यह घटना समाज के सामने कई गंभीर सवाल खड़े करती है। एक मासूम बच्चे के साथ इस तरह का व्यवहार न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि मानवता के मूल्यों के भी खिलाफ है। छोटी-सी आशंका या गलती के आधार पर किसी बच्चे को इस तरह सजा देना किसी भी स्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता।फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोषी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।





