दिनांक:19/04/2026
रिपोर्ट by: संवाददाता कमलेश कुमार
हरदोई में पराली की आग से सैकड़ों बीघा गेहूं की फसल खाक, किसानों को भारी नुकसान।
हरदोई जिले के टोंडरपुर क्षेत्र के आट गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खेत में जलाई गई पराली ने अचानक विकराल रूप ले लिया। तेज हवाओं के चलते आग ने तेजी से फैलकर आसपास के कई खेतों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते सैकड़ों बीघा गेहूं की तैयार फसल जलकर राख हो गई।ग्रामीणों के अनुसार, गेहूं की फसल पूरी तरह पक चुकी थी और किसान कटाई के लिए कंबाइन मशीन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान पास के खेत में पराली में आग लगाई गई, जो हवा के कारण बेकाबू होकर अन्य खेतों तक पहुंच गई और भारी तबाही मचा गई।

इस घटना में शिवकुमार सिंह, नरेंद्र सिंह, अनिल सिंह, हरवेंद्र सिंह, उदय प्रकाश सिंह, नन्हे सिंह, नरेश वर्मा, राजकरन, रामसरन, गुड्डू सिंह और मुन्नू सिंह समेत कई किसानों की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इस आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।ग्रामीणों का कहना है कि सूचना देने के बावजूद दमकल विभाग समय पर नहीं पहुंचा। ऐसे में गांव के लोगों ने खुद ही काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।

घटना के बाद किसानों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है, साथ ही पराली जलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और दमकल विभाग की कार्यप्रणाली की जांच की भी मांग उठाई है।





