दिनांक:24/04/2026
रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी
चलती कार बनी आग का गोला: पिलखुवा फ्लाईओवर पर मचा हड़कंप, सभी सवार सुरक्षित।
हापुड़ जनपद से गाजियाबाद की ओर जाने वाले नेशनल हाईवे पर पिलखुवा स्थित चंडी मंदिर के निकट फ्लाईओवर पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही चालक और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी फैल गई। देखते ही देखते कुछ ही मिनटों में लपटों ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और आग कई फीट ऊंचाई तक उठने लगी। हाईवे पर दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार दिखाई देने लगा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों में दहशत फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने हाईवे के एक हिस्से पर यातायात को धीमा कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए लंबा जाम भी लग गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले कार से धुआं निकलता दिखा और फिर अचानक आग ने विकराल रूप ले लिया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन रोक दिया और सभी सवार सुरक्षित बाहर निकल आए। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। घटना के बाद कुछ समय तक हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, लेकिन बाद में यातायात को सामान्य कर दिया गया।


स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।



