दिनांक:24/04/2026
रिपोर्ट by: संवादाता पुनीत कुमार शुक्ला
Hardoi news: दिनदहाड़े पीछा कर किशोरी को मारी गोली, हरदोई में सनसनी।
हरदोई जिले के मझिला थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक सनसनीखेज घटना ने इलाके में दहशत फैला दी। लोकपुर के पास सफेद मुखौटा पहने तीन अज्ञात बदमाशों ने ई-रिक्शा पर सवार एक 10 वर्षीय किशोरी का पीछा किया और मौका पाते ही उस पर गोली चला दी। गोली किशोरी के पैर को आर-पार करते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।घायल किशोरी की पहचान आयुषी के रूप में हुई है, जो फर्रुखाबाद की रहने वाली है और इन दिनों अपने ननिहाल ग्राम पारा में आई हुई थी। घटना के समय वह अपनी बहन के घर से वापस लौट रही थी। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग सहम गए।स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्ची को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिहानी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है।दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।



