जेएमएस खेल संगम 2026: 24 स्कूलों के 350 खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स में दिखाया दमखम।

SHARE:

दिनांक:25/04/2026

रिपोर्ट by: संवादाता शराफत सैफी

जेएमएस खेल संगम 2026: 24 स्कूलों के 350 खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स में दिखाया दमखम।

हापुड़ के प्रतिष्ठित जेएमएस वर्ल्ड स्कूल में अंतरस्कूलीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता “जेएमएस खेल संगम 2026” का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें 24 विद्यालयों के लगभग 350 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. आयुष सिंघल, सचिव डॉ. रोहन सिंघल और प्रधानाचार्य डॉ. निधि मलिक द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान अतिथियों का स्वागत सम्मान प्रतीक भेंट कर किया गया। अपने संबोधन में डॉ. आयुष सिंघल ने कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार के खेल आयोजनों को लगातार बढ़ावा देता रहेगा।

प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के तहत दौड़ स्पर्धाओं का आयोजन हुआ, जिसमें अंडर-10, अंडर-12 और अंडर-14 वर्ग के बालक-बालिकाओं ने शानदार प्रदर्शन किया। स्पोर्ट्स ऑफिसर दीपांशु गर्ग द्वारा घोषित परिणामों के अनुसार कई खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्थान हासिल किया। समग्र चैंपियनशिप में 12 स्वर्ण पदकों के साथ ब्रह्मा देवी हापुड़ ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि एसए इंटरनेशनल स्कूल निजामपुर दूसरे और ब्रेन वेव्स स्कूल तीसरे स्थान पर रहा।कार्यक्रम के समापन पर सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में सचिन, महेंद्र, अंकुर पूनिया त्यागी, गीता त्यागी, प्रिंस यादव, मनोज, नीरज और नितिन सहित कई सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।

Read More