दिनांक:27/04/2026
रिपोर्ट by: जिला संवादाता विष्णुकांत बाजपेई
हरदोई के बड़ागांव में भैंस ने दो मुंह वाले बछड़े को दिया जन्म, जन्म के कुछ देर बाद मौत; पशु सुरक्षित।
पचदेवरा क्षेत्र के भरखनी ब्लॉक के अंतर्गत बड़ागांव गांव में रविवार शाम एक दुर्लभ घटना ने लोगों को हैरान कर दिया। गांव निवासी छोटे यादव की भैंस ने एक ऐसे बछड़े को जन्म दिया, जिसके दो मुंह थे और शरीर में अन्य असामान्यताएं भी नजर आईं। हालांकि जन्म के कुछ ही समय बाद नवजात बछड़े की मृत्यु हो गई, जिससे ग्रामीणों में चर्चा का माहौल बन गया।घटना की जानकारी मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। हर कोई इस असामान्य जन्म को देखने के लिए उत्सुक नजर आया। कुछ देर तक वहां कौतूहल का माहौल बना रहा।पशुपालक छोटे यादव ने बताया कि भैंस पूरी तरह स्वस्थ है और उसकी हालत सामान्य बनी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रसव के दौरान किसी प्रकार की दिक्कत नहीं हुई, लेकिन जन्मा बछड़ा असामान्य था और ज्यादा देर तक जीवित नहीं रह सका।इस मामले में पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धर्मेंद्र वर्मा ने बताया कि इस तरह की घटनाएं जन्मजात विकृतियों के कारण होती हैं। गर्भावस्था के दौरान भ्रूण के विकास में गड़बड़ी, पोषण की कमी या अन्य जैविक कारणों से ऐसी असामान्यताएं देखने को मिल सकती हैं।उन्होंने पशुपालकों को सलाह दी कि गर्भित पशुओं की देखभाल पर विशेष ध्यान दें। संतुलित आहार, साफ-सफाई और नियमित पशु चिकित्सकीय जांच से इस तरह की समस्याओं की संभावना को काफी हद तक कम किया जा सकता है।




स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।



