हरदोई के सवायजपुर में लूट कांड का खुलासा: दो वांछित आरोपी गिरफ्तार, जेवरात बरामद।

SHARE:

दिनांक:27/04/2026

रिपोर्ट by: जिला संवादाता विष्णुकांत बाजपेई

हरदोई के सवायजपुर में लूट कांड का खुलासा: दो वांछित आरोपी गिरफ्तार, जेवरात बरामद।

हरदोई के सवायजपुर क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर हुई लूट की घटना में फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने घटना से जुड़े अहम सबूत भी बरामद किए हैं। इससे पहले इसी मामले में शामिल अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।पुलिस के अनुसार, इस मामले का मुख्य आरोपी नीतेश उर्फ छोटू सिंह अपने एक साथी के साथ जमानत कराने के सिलसिले में अपने ससुराल बरवन लोनार आया हुआ था। देर रात ससुराल से निकलने के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन के रास्ते पैदल हुल्लापुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अतुल गुप्ता और रंजीत चौधरी सहित पुलिस टीम को मुबारकपुर पुलिया के पास चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर सघन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान दो संदिग्ध युवक तेज रफ्तार में रुपापुर की ओर जाते दिखाई दिए। पुलिस के रुकने के संकेत देने पर दोनों भागने लगे, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें मुबारकपुर पुलिया अंडरपास से कुछ दूरी पर खितौली जाने वाली सर्विस लेन पर पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान नीतेश उर्फ छोटू सिंह निवासी लोहापानी थाना मऊ दरवाजा, जनपद फर्रुखाबाद और सुनील निवासी चम्पापुर थाना सेहरामऊ दक्षिणी, जनपद शाहजहांपुर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए, जिन्हें लूट की घटना से जुड़ा बताया जा रहा है।पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही की जा चुकी है और पूरे गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।

Read More