प्रेम प्रसंग में खूनी हमला: शादी से नाराज महिला ने युवक को खेत में बुलाकर किया गंभीर वार, हरदोई में मचा हड़कंप।

SHARE:

दिनांक:09/05/2026

रिपोर्ट by: जिला संवादाता विष्णुकांत बाजपेई

प्रेम प्रसंग में खूनी हमला: शादी से नाराज महिला ने युवक को खेत में बुलाकर किया गंभीर वार, हरदोई में मचा हड़कंप।

हरदोई जनपद के पाली थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक पर उसकी कथित प्रेमिका ने हमला कर दिया, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार पाली थाना क्षेत्र के ग्राम गुजदेई निवासी सुधीर पुत्र अनिल कुमार की शादी बीती 6 मई को हुई थी। बताया जा रहा है कि युवक के पिछले चार वर्षों से एक शादीशुदा महिला से प्रेम संबंध थे। युवक की शादी की जानकारी मिलते ही महिला नाराज हो गई थी। आरोप है कि शनिवार दोपहर महिला ने युवक को कुरसेली गांव के पास खेतों में मिलने के लिए बुलाया। जब युवक वहां पहुंचा तो दोनों के बीच शादी को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।

इसी दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि महिला ने धारदार वस्तु से युवक पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी महिला मौके से फरार हो गई। घायल युवक को उसके दोस्तों की मदद से शाहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल हरदोई रेफर कर दिया।घटना की खबर फैलते ही गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। बताया गया कि आरोपी महिला बालामऊ क्षेत्र की रहने वाली है और उसकी ससुराल सवायजपुर इलाके में है। वहीं युवक के पिता अनिल कुमार पूर्व प्रधान रह चुके हैं और वर्ष 2015 से 2020 तक ग्राम पंचायत गुजदेई के प्रधान पद पर रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार महिला युवक की रिश्तेदारी में भाभी लगती है।मामले की सूचना मिलने पर पुलिस भी सक्रिय हो गई। थाना प्रभारी सोमपाल गंगवार ने बताया कि उपनिरीक्षक जयनारायण मिश्रा को मौके पर भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।

Read More