सीतापुर में अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, परिजनों ने कार्रवाई की मांग।

SHARE:

दिनांक:10/05/2026

रिपोर्ट by: क्राइम ब्यूरो रिपोर्ट आरिफ खान

सीतापुर में अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, परिजनों ने कार्रवाई की मांग।

सीतापुर जनपद के महमूदाबाद क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा रामपुर मथुरा रोड स्थित ललित मेमोरियल लाइब्रेरी एंड स्टडी प्वाइंट के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान कुतुबुद्दीन (19) पुत्र नसरुद्दीन निवासी नयागांव थाना रामपुर कला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक अपने घर से रिश्तेदारी में खेतौरा गांव जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। घायल युवक को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महमूदाबाद पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।मृतक के परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से मिट्टी ढुलाई का कार्य लगातार किया जा रहा था और लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ। उन्होंने दोषी वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही से आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे के बाद फरार अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।

Read More