दिनांक:31/07/2026
रिपोर्ट by: संवादाता शराफत सैफी
हापुड़ में स्वदेशी समर्थक अभियान का शुभारंभ, भारतीय उत्पादों के अधिकाधिक उपयोग का किया गया आह्वान।
हापुड़। स्वदेशी जागरण मंच द्वारा देशभर में चलाए जा रहे स्वदेशी समर्थक अभियान के तहत हापुड़ में भी अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। इस अवसर पर आयोजित प्रेसवार्ता में मंच के पदाधिकारियों ने देशवासियों से दैनिक जीवन में भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है।इन्द्रप्रस्थ संस्थान में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए स्वदेशी जागरण मंच के क्षेत्र प्रमुख विकास चौधरी ने कहा कि यदि देश का प्रत्येक परिवार अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए स्वदेश में निर्मित वस्तुओं का उपयोग करेगा तो इससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा और लाखों लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा जब उपभोक्ता विदेशी उत्पादों की अपेक्षा भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता देंगे।

उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर कई बार विदेशी कंपनियां और आर्थिक शक्तियां अपने उत्पादों तथा बाजार पर निर्भरता के माध्यम से विभिन्न देशों पर दबाव बनाने का प्रयास करती हैं। ऐसे में भारत को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना समय की आवश्यकता है। उनका कहना था कि स्वदेशी उत्पादों का अधिक से अधिक उपयोग ही देश को आर्थिक मजबूती प्रदान कर सकता है और वैश्विक आर्थिक चुनौतियों का प्रभाव भी कम किया जा सकता है।विकास चौधरी ने नागरिकों से विशेष रूप से दैनिक उपयोग की वस्तुओं जैसे खाद्य तेल, साबुन, सौंदर्य प्रसाधन, घरेलू सामग्री तथा अन्य उपभोक्ता उत्पादों की खरीदारी करते समय भारतीय कंपनियों के उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक छोटी खरीद भी देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में योगदान देती है।प्रेसवार्ता में वक्ताओं ने कहा कि स्वदेशी समर्थक अभियान का उद्देश्य केवल उत्पादों के उपयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में आर्थिक राष्ट्रनिर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। अभियान के माध्यम से विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं व्यापारिक संगठनों तक पहुंचकर स्वदेशी अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस जन-जागरूकता अभियान से जुड़ सकें।

कार्यक्रम के अंत में सभी नागरिकों से स्वदेशी समर्थक अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और भारतीय उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया। इस दौरान मोहित गोयल, राजदीप, घनश्याम, अरुण शर्मा, सुनील कुमार, नितिन गोयल,विक्रम तथा लोकेश सहित स्वदेशी जागरण मंच के अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।






