दिनांक:19/08/2026
रिपोर्ट by: संवादाता सूरज गुप्ता
सड़क पर बिखरी मिट्टी बनी हादसे की वजह, ट्रक की चपेट में आने से राजमिस्त्री की मौत।
संडीला, हरदोई। मंगलवार को संडीला में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार राजमिस्त्री की जान चली गई। मृतक की पहचान रामपुर आसू निवासी तेजपाल पुत्र धनीराम के रूप में हुई है। वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था और इसी वर्ष अप्रैल में उसकी शादी हुई थी।जानकारी के अनुसार, तेजपाल की बुआ रामभेजी निवासी मुसेला सोमवार को अपने बेटे संदीप के साथ उसके घर आई थीं। मंगलवार को संदीप अपनी मां को दवा दिलाकर लखनऊ से वापस लौट रहा था। वापसी के दौरान उसने तेजपाल को फोन कर बाइक से बस अड्डा चौराहे पर आने को कहा।तेजपाल बाइक से चौराहे की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि पशु चिकित्सालय में चल रहे निर्माण कार्य के चलते सड़क पर मिट्टी पड़ी हुई थी। इसी दौरान बाइक फिसल गई और तेजपाल सड़क पर गिरकर ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे में वह ट्रक के नीचे करीब 10 मीटर तक घसीटता चला गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक के नीचे फंसे शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।तेजपाल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदारों से सड़क पर पड़ी मिट्टी हटवाने और पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम कराने की मांग की है।प्रभारी निरीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।









