दिनांक:27/10/2026
रिपोर्ट by संवादाता इस्तेकार चौधरी
पिलखुवा में इनर व्हील क्लब ने 20 छात्राओं को बांटी साइकिलें, रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिता में दिखी प्रतिभा।
पिलखुवा। केशव मारवाड़ गर्ल्स डिग्री कॉलेज, पिलखुवा में इनर व्हील क्लब 301 जॉइंट के तत्वावधान में ‘लेट्स टू व्हील’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान इनर व्हील क्लब की पिलखुवा इकाई ने निम्न मध्यमवर्गीय परिवारों की 20 छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं। साइकिलें मिलने पर छात्राओं के चेहरों पर खुशी दिखाई दी।कार्यक्रम में छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। रंगोली प्रतियोगिता में बीकॉम प्रथम वर्ष की छात्राओं राधा, खुशी, साहिबा और रिया यादव की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं, बीए द्वितीय वर्ष की पारुल, इशरत, पायल और प्रियंका की टीम दूसरे स्थान पर रही।

मेहंदी प्रतियोगिता में बीए द्वितीय वर्ष की तनु ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बीए तृतीय वर्ष की मुस्कान दूसरे और बीए द्वितीय वर्ष की कुमकुम शाह तीसरे स्थान पर रहीं। प्रतियोगिताओं में शामिल अन्य छात्राओं को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रीति कौशिक ने किया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शशि शर्मा ने आयोजन के लिए इनर व्हील क्लब के जिला पदाधिकारियों, पिलखुवा इकाई की अध्यक्ष पदमा कंसल, सचिव आशा गुप्ता और क्लब के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर डॉ. मंजू जैन, डॉ. चेतना तायल, अर्चना यादव, शहवार, ज्योति गर्ग, चंचल, साक्षी, सविता, ललित गुप्ता, पवन, राम उदय सिंह और मंजू सहित अन्य लोग तथा छात्राएं मौजूद रहीं।





