हापुड़: धौलाना के गांव देहरा में मामूली विवाद में खूनी संघर्ष, घायल उमर मोहम्मद की मेरठ में उपचार के दौरान मौत

SHARE:

दिनांक:16/11/2026

रिपोर्ट by संवाददाता इस्तेकार चौधरी

 

धौलाना के गांव देहरा में मामूली विवाद में खूनी संघर्ष, घायल उमर मोहम्मद की मेरठ में उपचार के दौरान मौत

जनपद हापुड़। थाना धौलाना क्षेत्र के गांव देहरा में मामूली विवाद को लेकर हुए झगड़े ने गंभीर रूप ले लिया। इस घटना में घायल हुए उमर मोहम्मद पुत्र अफसर अली की मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव देहरा में दो पक्षों के बीच किसी मामूली विवाद को लेकर झगड़ा हो गया था। इस दौरान उमर मोहम्मद गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेरठ रेफर कर दिया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

मामले में थाना धौलाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए तीन आरोपियों मोहसिन पुत्र जफरयाब, असलम पुत्र रफाकत और साहिल पुत्र जफरयाब को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, पुलिस के अनुसार मुस्तफा पुत्र मुस्ताक, रफाकत पुत्र रिफायत, फिरोज पुत्र रफाकत, सुहेब पुत्र फारूख सहित एक अज्ञात आरोपी की तलाश की जा रही है।

थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

 

घटना के बाद गांव में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस गांव की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है, ताकि किसी प्रकार का तनाव उत्पन्न न हो।

वहीं, मृतक उमर मोहम्मद के भाई राशिद अली ने मामले में अपना पक्ष रखते हुए आरोप लगाया है कि विपक्षी पक्ष ने मनगढ़ंत कहानी बनाकर पुलिस को गुमराह किया और उनके परिवार के खिलाफ भी झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया है। राशिद अली ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा सच्चाई सामने लाने की मांग की है।

Read More