धौलाना पुलिस का बड़ा खुलासा: फेसबुक पर चोरी की बाइकें बेचने वाला गिरोह बेनकाब, 12 मोटरसाइकिल बरामद।

SHARE:

दिनांक:20/11/2025

रिपोर्ट by: इस्तेकार चौधरी 

जनपद हापुड़ (यूपी)

धौलाना पुलिस का बड़ा खुलासा: फेसबुक पर चोरी की बाइकें बेचने वाला गिरोह बेनकाब, 12 मोटरसाइकिल बरामद।

हापुड़। धौलाना थाना पुलिस ने एक संगठित बाइक चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सोशल मीडिया के जरिए चल रहे अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने एक ऐसे शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जो चोरी की मोटरसाइकिलों को फेसबुक मार्केटप्लेस पर बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहा था। इस पूरे मामले की जानकारी एडिशनल एसपी विनीत भटनागर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब यूपीएसआईडीसी चौकी पुलिस गालन्द नहर पुल के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बुलेट बाइक पर सवार एक युवक आया। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। इस पर उप निरीक्षक व चौकी इंचार्ज वरुण कुमार सिंह, उप निरीक्षक पिंटू कुमार, हेड कांस्टेबल पवन वीर सिंह, हेड कांस्टेबल सचिन कुमार, हेड कांस्टेबल परीक्षित राणा और मोनू बालियान ने पीछा कर आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह लंबे समय से अलग-अलग क्षेत्रों से बाइक चोरी कर रहा था और फिर उन्हें फेसबुक पर बिक्री के लिए पोस्ट कर देता था। ग्राहक मिलने पर वह सौदा तय कर चोरी की बाइक सीधे खरीददार तक पहुंचा देता था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने R-1-5, सात स्प्लेंडर, तीन बुलेट और एक होंडा शाइन समेत कुल 12 चोरी की बाइकें बरामद की हैं। चोरी की गई ये बाइकें नई-पुरानी गाड़ियों के नाम पर फेसबुक मार्केटप्लेस पर बेची जा रही थीं।

धौलाना पुलिस की इस कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू पुत्र राजकुमार, निवासी गोठनी थाना खुर्जा नगर, बुलंदशहर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया है।यह खुलासा सोशल मीडिया के जरिए अपराध के बढ़ते नए तरीकों पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।

Read More