दिनांक:16/12/2025
रिपोर्ट by: संवादाता जगदीश माकन
हापुड़ में मनी ट्रांसफर दुकान से 1 लाख की ठगी, CCTV फुटेज वायरल, महिला-पुरुष ने रची शातिर साजिश।
जनपद हापुड़ के मजीदपुरे, गली नंबर-4 से मनी ट्रांसफर की दुकान में हुई ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इस ठगी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

जानकारी के अनुसार मजीदपुरे क्षेत्र में सुल्तान नामक व्यक्ति की इलेक्ट्रॉनिक व मनी ट्रांसफर जन सेवा केंद्र की दुकान है। रोज़ की तरह 8 दिसंबर को भी दुकान समय से खुली और कामकाज शुरू हुआ। इसी दौरान एक महिला और एक व्यक्ति दुकान पर पहुंचे और कैश निकालने की बात कही। दुकान पर मौजूद युवक ने कैश उपलब्ध होने की जानकारी दे दी।

इसके बाद ठगी की साजिश शुरू हुई। महिला और व्यक्ति दुकान का बारकोड फोटो खींचकर और जिस नंबर पर पैसे डालने थे वह नोट कर वहां से चले गए। ठगी करने वाला व्यक्ति भोजपुर चला गया, जबकि महिला को पैसे लेने के लिए दुकान पर ही छोड़ दिया गया।बताया जा रहा है कि भोजपुर में भैंस बेचने के नाम पर ठग ने पहले 90 हजार रुपये नकद लिए और फिर दुकान के बारकोड व दिए गए नंबर पर दो बार में 50 – 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। ठग ने फोन पर दुकान मालिक से बात कर महिला को पैसे दिलवा दिए और ठगी को अंजाम देकर फरार हो गया।

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब दो दिन बाद दुकान मालिक का बैंक अकाउंट अचानक बंद कर दिया गया। बैंक से जानकारी मिलने पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने थाना नगर कोतवाली पहुंचकर साइबर क्राइम हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराई।पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है और वही फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और वायरल वीडियो के आधार पर ठगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।यह मामला एक बार फिर मनी ट्रांसफर दुकानों और आम लोगों के लिए साइबर ठगी से सतर्क रहने की चेतावनी देता है।
स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।




