दिनांक:29/दिसंबर/2025
रिपोर्ट by: आमिर खान
हापुड़ में नशे का कहर: बुलंदशहर रोड पर शराबी युवकों का उत्पात, पुलिस से हाथापाई, जाम में फंसा शहर।
हापुड़। नगर के व्यस्ततम बुलंदशहर रोड पर रविवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नशे में धुत युवकों ने बीच सड़क जमकर हंगामा किया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते पुलिस से भिड़ंत और सड़क जाम में तब्दील हो गया। हालात इतने बिगड़ गए कि करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ युवक बाइक से बुलंदशहर रोड स्थित एक फूड स्टॉल पर बर्गर खाने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद दूसरे पक्ष के युवकों से किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। नशे के प्रभाव में विवाद ने जल्द ही उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्ष सड़क पर आ गए। युवकों ने बीच सड़क अपनी बाइकें खड़ी कर दीं और राह चलते लोगों से बदसलूकी शुरू कर दी।

सूचना मिलने पर जदीद चौकी प्रभारी अशोक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और युवकों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन शराब के नशे में धुत युवक पुलिस की बात मानने के बजाय उनसे ही उलझ गए। आरोप है कि युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की, गाली-गलौज की और स्थिति को और अधिक तनावपूर्ण बना दिया। इसी दौरान एक युवक ने अपनी बाइक से पुलिस की फैंटम बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गई।हंगामे के कारण बुलंदशहर रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब आधे घंटे तक सड़क के दोनों ओर जाम की स्थिति बनी रही। लोग अपने वाहनों में फंसे रहे और कई राहगीरों ने वैकल्पिक मार्ग अपनाने की कोशिश की।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली नगर से अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया। अतिरिक्त फोर्स के पहुंचने के बाद पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण पाया और मौके से तीन युवकों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए युवक कोठीगेट क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। अत्यधिक नशे की हालत में होने के कारण उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही पांच अन्य युवक मौके से फरार हो गए।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर हंगामा हो रहा था, वहां से सिटी थाना महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर पहुंचने में करीब 30 मिनट का समय लग गया। इस दौरान जदीद चौकी के पुलिसकर्मी सीमित संसाधनों के साथ उपद्रवियों को संभालते रहे और लगातार अभद्रता का सामना करते रहे।

स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यदि समय रहते बैकअप फोर्स पहुंच जाती, तो फरार हुए युवकों को भी मौके से ही पकड़ा जा सकता था। घटना ने एक बार फिर शहर में नशे के बढ़ते चलन और कानून व्यवस्था की तत्परता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और घटना के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस तरह की घटनाओं पर सख्ती से अंकुश लगाया जाए, ताकि सार्वजनिक स्थानों पर शांति और सुरक्षा बनी रह सके।




