दिनांक:31/12/2025
रिपोर्ट by: जिला संवादाता मोहसिन खान
CBI अफसर बनकर डकैती करने वाला गैंग गिरफ्तार, सरगना इंद्रपाल ताऊ समेत पांच दबोचे।
बुलंदशहर जनपद में दिनदहाड़े CBI अफसर बनकर एक व्यापारी के घर डकैती की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले गैंग का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने गैंग के सरगना और कुख्यात डकैत इंद्रपाल ताऊ समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से डकैती में लूटे गए करीब 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने और 13 लाख 30 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। आरोप है कि बदमाशों ने खुद को CBI अधिकारी बताते हुए व्यापारी के घर में प्रवेश किया और परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में योगेश और इंद्रपाल ताऊ पर पहले से ही 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वहीं गैंग सरगना इंद्रपाल ताऊ के खिलाफ विभिन्न थानों में 31 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।पुलिस जांच में सामने आया है कि इस डकैती की पूरी साजिश पीड़ित व्यापारी के नौकर संजय की मुखबिरी से रची गई थी, जिसने बदमाशों को घर की गतिविधियों और कीमती सामान की जानकारी दी थी।

यह वारदात 19 दिसंबर को जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पोखर में हुई थी, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया था। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।





