जीएस आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ने ग्राम अतरौली में लगाया विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर।

SHARE:

दिनांक:31/12/2025

रिपोर्ट by: संवाददाता इस्तेकार चौधरी

जीएस आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ने ग्राम अतरौली में लगाया विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर।

अतरौली ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और आयुर्वेदिक चिकित्सा को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से जीएस आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल द्वारा ग्राम अतरौली में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के लिए चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया।

शिविर का संचालन अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अरुण के नेतृत्व में किया गया। उनके साथ मौजूद अनुभवी चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की टीम ने मरीजों की पूरी संवेदनशीलता के साथ जांच की। शिविर में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ रोगानुसार विस्तृत आयुर्वेदिक परामर्श दिया गया।मरीजों को उनकी वात, पित्त एवं कफ प्रकृति के अनुसार उपयुक्त आयुर्वेदिक औषधियाँ वितरित की गईं। साथ ही संतुलित आहार, दिनचर्या और जीवनशैली से जुड़े आवश्यक सुझाव भी दिए गए। डॉ. अरुण ने ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों से बचाव, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व के बारे में भी जागरूक किया।

शिविर का निरीक्षण करने पहुँचे ग्राम अतरौली के ग्राम प्रधान श्री आकाश तोमर ने जीएस आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा गांव में समय-समय पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को उनके निवास स्थान के पास ही बेहतर आयुर्वेदिक चिकित्सा सुविधाएँ मिल रही हैं।

कार्यक्रम के समापन पर ग्राम प्रधान श्री आकाश तोमर ने सफल आयोजन के लिए समस्त आयोजक मंडल का आभार व्यक्त किया। वहीं अस्पताल प्रबंधन ने यह आश्वासन दिया कि भविष्य में भी समाजसेवा के तहत ऐसे निःशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर अतरौली सहित आसपास के गांवों में लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।

Read More