मुडरामऊ में डिप्टी कमिश्नर के भाई की पुरानी रंजिश में निर्मम हत्या का आरोप, घर में खून से लथपथ मिला था, एक आरोपी हिरासत।

SHARE:

दिनांक:15/02/2026

रिपोर्ट by: क्राइम ब्यूरो चीफ़ पुनीत कुमार शुक्ला 

मुडरामऊ में डिप्टी कमिश्नर के भाई की पुरानी रंजिश में निर्मम हत्या का आरोप, घर में खून से लथपथ मिला था, एक आरोपी हिरासत।

पाली (हरदोई)। थाना क्षेत्र के मुडरामऊ गांव में शनिवार सुबह एक युवक अपने घर के आंगन में खून से लथपथ गंभीर हालत में पड़ा मिला। पुलिस और ग्रामीणों ने उसे आनन-फानन एंबुलेंस से पाली पीएचसी भेजा, जहां से हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों ने पुरानी रंजिश में गांव के ही दो लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।

मुडरामऊ निवासी विजय प्रकाश (35) पुत्र स्व. दयाराम राठौर अपनी मां गोमती के साथ रहता था, उसका भाई रामेंद्र डिप्टी कमिश्नर के पद पर मथुरा में तैनात है। बताया गया कि शुक्रवार-शनिवार की मध्यरात्रि करीब एक बजे विजय प्रकाश पड़ोसी आशीष कुमार बाजपेई के घर में घुस गया था। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और उसे समझाकर घर भेज दिया। शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे वह फिर पड़ोसी सुशील मिश्रा के घर पहुंचा और गांव के ही दो लोगों पर हत्या की आशंका जताते हुए उनके नाम ले रहा था। इसके बाद शुशील मिश्रा ने विजय प्रकाश को उसकी मां के साथ मिलकर घर पहुंचाया। करीब आधा घंटे बाद विजय प्रकाश के घर से चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण पहुंचे तो देखा कि वह आंगन में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा था

और अत्यधिक खून बह चुका था, उसकी आंतें बाहर निकल आई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से उसे पीएचसी पाली भेजा, उसे पीएचसी से गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की मां गोमती ने गांव के महावीर और समरपाल के खिलाफ तहरीर देकर चाकू से हमला कर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। परिजनों के अनुसार आरोपियों से पुरानी रंजिश चल रही थी और करीब ढाई वर्ष पहले मृतक के पिता दयाराम की हत्या के मामले में भी उनका नाम सामने आया था। घटना को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह, एएसपी शाहाबाद आलोक राज नारायण भारी पुलिस बल के साथ मुडरामऊ गांव पहुंचे और बारीकी से जांच पड़ताल की।

एएसपी ने घटना के संबंध में पड़ोसियों से के भी बयान दर्ज किए और जानकारी जुटाई। पुलिस को जांच के दौरान घर के बाहर रखी एक बोरी से हसिया भी बरामद हुआ, जिस पर खून के निशान नहीं थे। एएसपी आलोक राज नारायण ने परिजनों की मांग पर विजय प्रकाश के शव के पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी करने का भी निर्देश दिया। वहीं एएसपी मार्तंड प्रकाश सिंह ने कहा कि एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।