दिनांक:15/02/2026
रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी
पिलखुवा बाजार से गुम हुआ 6 वर्षीय मासूम एक घंटे में मिला सकुशल, पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना।
हापुड़। थाना पिलखुवा क्षेत्र के बाजार में रविवार शाम एक परिवार के लिए उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब खरीदारी के दौरान छह वर्षीय मासूम अचानक लापता हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए महज एक घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मौ० महबूब आलम पुत्र इलियास, निवासी सकरीघर थाना पढ़ौल जिला मधुबनी (बिहार), हाल निवासी बिलाल मस्जिद के पास कस्बा व थाना मसूरी, जनपद गाजियाबाद, अपने परिवार और बच्चों के साथ पिलखुवा बाजार खरीदारी करने आए थे। इसी दौरान उनका छह वर्षीय पुत्र आतिक अचानक कहीं गुम हो गया।

बच्चे के लापता होने की सूचना मिलते ही थाना पिलखुवा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। तत्काल पुलिस टीमों का गठन कर बाजार क्षेत्र और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के चलते मात्र एक घंटे के भीतर मासूम आतिक को सुरक्षित ढूंढ लिया गया।

बच्चे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार व्यक्त किया। बाजार के व्यापारियों व स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों ने भी पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की सजगता और तेजी के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। इस कार्रवाई ने आमजन में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत किया है।





