जीएस विश्वविद्यालय में छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।

SHARE:

दिनांक:20/02/2026

रिपोर्ट by: संवाददाता इस्तेकार चौधरी

जीएस विश्वविद्यालय में छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।

हापुड़। जीएस विश्वविद्यालय परिसर में आज की 396वीं जयंती उत्साह, श्रद्धा और देशभक्ति के माहौल में मनाई गई। पूरा परिसर वीरता और राष्ट्रगौरव की भावना से ओतप्रोत नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. नेहा जी. शर्मा ने औपचारिक रूप से कार्यक्रम का उद्घाटन किया।इस अवसर पर कुलपति डॉ. यतीश अग्रवाल, डीन डॉ. प्रदीप गर्ग, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक शरद गोयल एवं मुख्य अस्पताल प्रशासक डॉ. एस. कुमार सहित विश्वविद्यालय के अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने शिवाजी महाराज के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। नृत्य, नाटक और देशभक्ति गीतों के माध्यम से विद्यार्थियों ने शिवाजी महाराज के साहस, रणनीतिक कौशल, ईमानदारी और राष्ट्रनिष्ठा को प्रभावशाली ढंग से मंचित किया। प्रस्तुतियों में उनकी स्वराज स्थापना की भावना और जनकल्याणकारी नेतृत्व को विशेष रूप से दर्शाया गया।विद्यार्थियों की ऊर्जा, आत्मविश्वास और देशप्रेम से परिपूर्ण प्रदर्शन ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान कई बार तालियों की गूंज से सभागार गूंज उठा।

महान व्यक्तित्व से प्रेरणा लेने का संदेश

शल्य चिकित्सा विभागाध्यक्ष डॉ. मधुबाला गौर, जो महाराष्ट्र से संबंध रखती हैं, ने अपने संबोधन में कहा कि हमें गर्व है कि शिवाजी महाराज जैसे महान योद्धा ने भारत भूमि पर जन्म लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे उनके आदर्शों—साहस, सत्यनिष्ठा और न्यायप्रियता—को अपने जीवन में अपनाएं।कुलपति डॉ. यतीश अग्रवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय के लिए यह गौरव का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने और समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज और उनके परिवार का योगदान इतिहास में सदैव अमर रहेगा और हमें उनके पदचिह्नों पर चलकर समाज को सकारात्मक दिशा देनी चाहिए।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. नेहा जी. शर्मा ने कार्यक्रम की सफलता पर आयोजन समिति एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सांस्कृतिक जागरूकता और राष्ट्रीय भावना को सुदृढ़ करते हैं।

राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन

कार्यक्रम में कुलसचिव सुमित सिंह, मुख्य सतर्कता अधिकारी मनोज शिशोदिया, उपनिदेशक एस.एन. सिंह, विभिन्न विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों में ओम मनाले, प्रतीक नेमाने, केदार शिंदे, तनिष्क बागड़े, आदिल खान, श्लोक नागरकर, शिव, निखिल वास्के, प्राची पायगुडे, साक्षी एवं सचित सहित अनेक छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जहां उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में राष्ट्रगान गाकर देशभक्ति का संदेश दिया।