दिनांक:22/02/2026
रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी
हापुड़ के धौलाना चौराहे पर भीषण जाम, घंटों फंसे रहे वाहन – राहगीरों ने की स्थायी समाधान की मांग।
जनपद हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र स्थित धौलाना चौराहे पर रविवार को भारी ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। चौराहे पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।

सुबह से ही बढ़ते ट्रैफिक दबाव के चलते हालात बिगड़ते चले गए। हापुड़, पिलखुवा और आसपास के ग्रामीण इलाकों की ओर जाने वाले मार्गों पर चारों दिशाओं में वाहन रेंगते नजर आए। स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और व्यापारियों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा। कई लोग अपने जरूरी कार्यों के लिए समय पर नहीं पहुंच सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चौराहे पर अवैध पार्किंग, सड़क किनारे खड़े वाहन और यातायात नियंत्रण की कमी के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है। ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती न होने से समस्या और गंभीर हो जाती है।

जाम के कारण एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन भी प्रभावित हुए, जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई। राहगीरों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में स्थिति और विकराल हो सकती है।

ग्रामीणों और स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि धौलाना चौराहे पर स्थायी ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाए, अवैध पार्किंग पर सख्ती से कार्रवाई की जाए और व्यस्त समय में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को जाम की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।


स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।





