दिनांक:23/02/2026
रिपोर्ट by: संवादाता पुनीत कुमार शुक्ला
हरदोई में तेज रफ्तार कार ने बेहटा गोकुल थाने के गेट में मारी टक्कर, चालक व सवार नशे में होने की आशंका।
जनपद हरदोई में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बेहटा गोकुल थाने के मुख्य द्वार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि थाने का गेट और बाउंड्री वाल का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के समय कार में सवार लोगों के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कार अचानक संतुलन खो बैठी और सीधे थाने के गेट से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित किया और वाहन सवारों को हिरासत में ले लिया। प्राथमिक जांच में चालक सहित अन्य सवारों के शराब के नशे में होने की संभावना व्यक्त की गई है। मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक वाहन लखनऊ निवासी श्रेयांश के नाम से पंजीकृत बताया जा रहा है। कार को कब्जे में लेकर थाने परिसर में खड़ा कर दिया गया है। मामले में संबंधित धाराओं में कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

घटना के बाद कुछ समय के लिए थाने के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि मामले में सख्त कार्रवाई के बजाय समझौते की कोशिश की जा रही है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

वहीं, कुछ सूत्रों द्वारा यह भी आरोप लगाए गए हैं कि मामले को दबाने के प्रयास किए गए हैं। इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।






