दिनांक:13/03/2026
रिपोर्ट by: संवादाता ब्यूरो रिपोर्ट
भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में वैष्णवी शुक्ला ने किया कमाल, जिले में प्रथम स्थान हासिल कर बढ़ाया हरदोई का मान।
हरदोई। मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर छात्र-छात्राएं बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। इसका शानदार उदाहरण पेश किया है पं. रामरतन राजबहादुर द्विवेदी उच्च माध्यमिक विद्यालय, कबीराखेड़ा की मेधावी छात्रा वैष्णवी शुक्ला ने। वैष्णवी ने शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में पूरे जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय, परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया।

ग्राम मगरौरा निवासी वैष्णवी शुक्ला वर्तमान में कक्षा 9 की छात्रा हैं और उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा भी इसी विद्यालय से प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है। वैष्णवी के पिता देवेश कुमार शुक्ल पूर्व ग्राम प्रधान रह चुके हैं और वर्तमान में पं. रामरतन मेमोरियल शिक्षण संस्थान में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत हैं। वहीं उनकी माता संगीता शुक्ला हिंदी विषय से परास्नातक हैं और परिवार का मार्गदर्शन करती हैं।

वैष्णवी की इस सफलता पर विद्यालय के प्रधानाचार्य देवेश कुमार शुक्ल सहित सभी शिक्षकों और छात्रों ने उन्हें बधाई दी। शिक्षकों ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल वैष्णवी की मेहनत का परिणाम है, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने इसे अनुशासन, परिश्रम और भारतीय संस्कृति के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

विद्यालय के संस्थापक सुभाष द्विवेदी ने भी वैष्णवी शुक्ला की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी विद्यालय के छात्र इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन करते रहेंगे।वहीं वैष्णवी शुक्ला ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और विद्यालय के मार्गदर्शन को देते हुए कहा कि उनके सहयोग और आशीर्वाद से ही वह यह उपलब्धि हासिल कर सकीं।

इस उपलब्धि से वैष्णवी शुक्ला के परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। शिक्षा के क्षेत्र में इसे एक प्रेरणादायक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।




