हापुड़ में अवैध वसूली करने वाले गैंग का खुलासा, बिजली विभाग का कर्मचारी बनकर उपभोक्ताओं से ठगते थे पैसे।

SHARE:

दिनांक:14/03/2016

रिपोर्ट by: संवाददाता जगदीश माकन

हापुड़ में अवैध वसूली करने वाले गैंग का खुलासा, बिजली विभाग का कर्मचारी बनकर उपभोक्ताओं से ठगते थे पैसे।

हापुड़ जनपद में बिजली उपभोक्ताओं से अवैध वसूली करने वाले एक गैंग का बड़ा खुलासा हुआ है। थाना सिंभावली क्षेत्र के हरोड़ा मोड़ पर लोगों ने खुद ही दो युवकों को पकड़ लिया, जो खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताकर उपभोक्ताओं से अवैध वसूली कर रहे थे। इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।मिली जानकारी के अनुसार आरोपी लंबे समय से इलाके में घरों और दुकानों पर जाकर खुद को ऊर्जा निगम का कर्मचारी बताते थे। इसके बाद वे बिजली मीटरों से छेड़छाड़ कर उपभोक्ताओं को बिजली चोरी का डर दिखाते और उनसे मोटी रकम वसूल लेते थे। आरोप है कि ये लोग मीटर की सील तोड़कर उसे दोबारा लगाने का झांसा देते और कार्रवाई से बचाने के नाम पर लोगों से हजारों से लेकर लाखों रुपये तक की उगाही करते थे।

स्थानीय लोगों को जब इस पूरे मामले की भनक लगी तो उन्होंने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया और उनसे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उनके पास से अवैध स्मार्ट मीटर और मीटर सीलिंग बुक भी बरामद हुई, जिससे उनके फर्जीवाड़े का खुलासा हो गया।पकड़े गए आरोपियों की पहचान आकाश और हर्ष के रूप में हुई है, जबकि उनका एक अन्य साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश जारी है। लोगों का कहना है कि इस गैंग ने क्षेत्र के कई उपभोक्ताओं को अपना शिकार बनाया है और उनसे लाखों रुपये की अवैध वसूली की है।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गैंग में और कितने लोग शामिल हैं।

इस घटना के बाद क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं में भी सतर्कता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि ऐसे फर्जी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी आम जनता को इस तरह ठग न सके।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।

Read More