हापुड़: रेलवे रोड स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में अचानक लगी आग, धुएं से मची अफरातफरी; दमकल ने पाया काबू।

SHARE:

दिनांक:14/03/2026

रिपोर्ट by: संवादाता जगदीश माकन

हापुड़: रेलवे रोड स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में अचानक लगी आग, धुएं से मची अफरातफरी; दमकल ने पाया काबू।

जनपद हापुड़ के रेलवे रोड स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र शाखा में शुक्रवार को अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। बैंक परिसर से अचानक धुआं निकलता देख आसपास के लोगों और बैंक में मौजूद ग्राहकों के बीच अफरातफरी की स्थिति पैदा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बैंक के अंदर से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद कर्मचारियों और ग्राहकों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया। देखते ही देखते बैंक के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई।सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोकते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से टल गया।


फायर ब्रिगेड के एफएसएसओ अरशद खान ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया और स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।घटना की जानकारी मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। बैंक के अंदर हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस और बैंक प्रशासन मिलकर यह पता लगाने में जुटे हैं कि आग से कितना नुकसान हुआ है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि बैंक जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा और बिजली व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।फिलहाल दमकल विभाग और पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है और बैंक प्रशासन द्वारा भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में कुछ समय तक अफरातफरी का माहौल रहा, लेकिन स्थिति अब सामान्य हो चुकी है।

Read More