दिनांक:26/03/2026
रिपोर्ट by: संवादाता शराफत सैफी
हापुड़ में दबंगों का आतंक: घर में घुसकर परिवार पर बेरहमी से हमला, मारपीट का वीडियो वायरल।
उत्तर प्रदेश के जनपद से एक बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां दबंगों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्होंने दिनदहाड़े एक परिवार के घर में घुसकर जमकर मारपीट की। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला कोटला सादात फूलगढ़ी क्षेत्र में नई पानी की टंकी के पीछे का बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ युवक लंबे समय से नशे की हालत में मोहल्ले में उत्पात मचाते आ रहे थे। ये युवक आए दिन गाली-गलौज करते थे और राह चलते लोगों के साथ बदतमीजी करते थे, जिससे क्षेत्र के लोग काफी परेशान थे।

बताया जा रहा है कि जब एक स्थानीय परिवार ने इन युवकों की हरकतों का विरोध किया और उन्हें ऐसा करने से रोका, तो यही विरोध उस परिवार के लिए भारी पड़ गया। आरोप है कि नशे में धुत 8 से 10 दबंग युवक एकजुट होकर उस परिवार के घर में जबरन घुस गए और हमला बोल दिया।वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि हमलावर युवक बेहद आक्रामक अंदाज में घर के अंदर घुसते हैं और परिवार के सदस्यों को निशाना बनाते हैं। उन्होंने बेल्ट, लात-घूंसों और अन्य वस्तुओं से परिवार के लोगों को बेरहमी से पीटा। इस दौरान घर में मौजूद महिलाएं और अन्य सदस्य खुद को बचाने की कोशिश करते नजर आते हैं, लेकिन हमलावर लगातार हमला करते रहते हैं।

इस घटना में परिवार के कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश भी देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इन दबंगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में और भी बड़ी घटनाएं हो सकती हैं।वहीं, इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन भी हरकत में आया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।यह घटना एक बार फिर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है और यह सोचने पर मजबूर करती है कि आखिर कब तक आम लोग ऐसे दबंगों के आतंक का सामना करते रहेंगे।



