दिनांक:26/03/2026
रिपोर्ट by: हरदोई ब्यूरो रिपोर्ट
अरवल में झोपड़ी में लगी आग से गरीब परिवार की गृहस्थी जलकर खाक, जेवर और अनाज समेत हजारों का नुकसान।
अरवल थाना क्षेत्र के बेहटा मुड़िया गांव में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां अज्ञात कारणों से लगी आग ने एक गरीब परिवार की पूरी गृहस्थी को जलाकर राख कर दिया। घटना में झोपड़ी में रह रहे सुधांशु पाल पुत्र राजेश कुमार के परिवार को भारी नुकसान हुआ है।बताया जा रहा है कि आग लगने के समय परिवार के लोग किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और झोपड़ी में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। इस हादसे में नवविवाहित बहू मोहिनी के जेवरात भी आग की भेंट चढ़ गए।

पीड़ित परिवार के अनुसार आग में सोने का हार, दो जोड़ी झाले, हाफ बिछुआ, दो जोड़ी पायल, बेसर, मांगबेदी जंजीर और तीन अंगूठियां जल गईं। इसके अलावा करीब 10 बोरी धान, आठ बोरी गेहूं, चार बोरी सरसों, एक पंखा और सिलाई मशीन भी पूरी तरह नष्ट हो गए।घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।

वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर राजस्व विभाग की टीम ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया। लेखपाल ने बताया कि पीड़ित परिवार को शासन की ओर से हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।इस घटना के बाद गांव में दुख का माहौल है और लोग पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आ रहे हैं।




