दिनांक:29/03/2026
रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी
हापुड़: धौलाना रोड पर युवक का शव मिलने से सनसनी, बाइक के पास संदिग्ध हालत में मिला शव।
चेहरे पर चोट के निशान, हादसा या साजिश—हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस।जनपद हापुड़ के धौलाना रोड पर उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे एक युवक का शव उसकी बाइक के पास संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। सुबह के समय राहगीरों की नजर जैसे ही युवक पर पड़ी, उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान मोहित पुत्र छत्रपाल, निवासी बजरंगपुरी (पिलखुवा) के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक, मोहित मदर डेयरी में कार्यरत था और रोजाना की तरह अपने काम पर आता-जाता था।स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह जब वे रास्ते से गुजर रहे थे, तो सड़क किनारे खड़ी एक बाइक के पास युवक अचेत अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव का बारीकी से निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में मृतक के चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। पुलिस इस घटना को सड़क हादसा मानकर भी जांच कर रही है, वहीं किसी अन्य कारण या साजिश की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और इलाके में शोक का माहौल बन गया।फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।पुलिस का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखते हुए गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।




