दिनांक:30/03/2026
रिपोर्ट by: हरदोई ब्यूरो रिपोर्ट
हरदोई के अरवल में आवारा कुत्तों का आतंक: बंधे पशुओं पर हमला, ग्रामीणों में दहशत।
अरवल क्षेत्र के गांव मंसूरपुर में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक तेजी से बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला तब सामने आया जब रात के समय तबेले में बंधे पशुओं पर कुत्तों ने हमला कर दिया और उनके अंगों को क्षतिग्रस्त कर दिया।ग्राम निवासी बालमुकुंद पुत्र सालिगराम के अनुसार, उनकी भैंस की पड़िया अन्य जानवरों के साथ तबेले में बंधी हुई थी। देर रात करीब 3 बजे अचानक जानवर के चिल्लाने की आवाज सुनकर जब वह मौके पर पहुंचे, तो देखा कि आवारा कुत्तों ने पड़िया का कान खा लिया था।

इसी तरह गांव में कुछ दूरी पर रहने वाले अनूप और देवेंद्र पुत्र कमलेश्वर के पशुओं पर भी कुत्तों ने हमला किया। उनकी एक बछिया और पड़िया के कान को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचाया गया।रात अधिक होने के कारण पशुपालकों ने तत्काल घर में उपलब्ध प्राथमिक उपचार से ही घायल पशुओं को राहत देने की कोशिश की। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग अपने पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार विभाग द्वारा आवारा कुत्तों को पकड़ने या रोकने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

वहीं, क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों में कुत्तों के काटने के मामलों में भी लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिनमें बच्चों की संख्या अधिक बताई जा रही है।अब बड़ा सवाल यह है कि प्रशासन कब तक इस समस्या पर ध्यान देगा और ग्रामीणों को आवारा कुत्तों के आतंक से राहत दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाएगा।





