दिनांक:04/04/2026
रिपोर्ट by: संवादाता गुलफाम सैफी
हापुड़ में अपनी जनता पार्टी को मिली नई कमान, डा. देवेंद्र सिंह बने जिलाध्यक्ष, संगठन विस्तार की तैयारी तेज।
हापुड़। जनपद की राजनीति में एक नया समीकरण उभरता नजर आ रहा है। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के नेतृत्व वाली ‘अपनी जनता पार्टी’ ने जिले में अपने संगठन को मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर प्रदेश स्तर से संगठन में बदलाव करते हुए ग्राम अटूटा निवासी डा. देवेंद्र सिंह को हापुड़ का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।यह घोषणा बाबूगढ़ क्षेत्र के कुचेसर रोड चौपला पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान की गई, जहां प्रदेशाध्यक्ष कोरी सुभाष चंद्र लहरी ने डा. देवेंद्र सिंह को औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र सौंपा। कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की उपस्थिति ने इस नियुक्ति को और भी महत्वपूर्ण बना दिया।

प्रदेशाध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मजबूत और सक्रिय नेतृत्व की जरूरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि डा. देवेंद्र सिंह अपने अनुभव और कार्यशैली से संगठन को नई दिशा देंगे। साथ ही यह भी संकेत दिया गया कि जल्द ही जनपद स्तर पर कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा, जिसमें सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।नवनियुक्त जिलाध्यक्ष डा. देवेंद्र सिंह ने इस मौके पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य ‘सर्व समाज’ के कल्याण और शोषित वर्ग को न्याय दिलाना है। उन्होंने संकल्प जताया कि वह पार्टी की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाएंगे और एक मजबूत जिला संगठन तैयार करेंगे, जो जनता की समस्याओं को प्रभावी तरीके से उठाएगा।

डा. देवेंद्र सिंह की नियुक्ति के बाद जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि आने वाले समय में अपनी जनता पार्टी हापुड़ में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए लगातार सक्रिय अभियान चलाएगी।इस अवसर पर कई प्रमुख सामाजिक और राजनीतिक हस्तियों ने डा. देवेंद्र सिंह को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। शुभकामनाएं देने वालों में एडवोकेट उपेंद्र गौतम (राष्ट्रीय सचिव), दिग्विजय सिंह यादव (प्रदेशाध्यक्ष, भाकियू लोकहित), सोहनपाल मुखिया, भीम मुखिया, निजाम सैफी, चौधरी परमवीर सिंह, सिराज सैफी, योगेंद्र पहलवान और मनोज त्यागी सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल रहे।

इस नियुक्ति को लेकर जिले में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है और राजनीतिक जानकार इसे आगामी चुनावी रणनीतियों से जोड़कर भी देख रहे हैं।




