दिनांक:08/04/2026
रिपोर्ट by: संवाददाता इस्तेकार चौधरी
दिनदहाड़े सूने घर को बनाया निशाना: पिलखुआ में लाखों की चोरी, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
जनपद हापुड़ के कोतवाली पिलखुआ क्षेत्र से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है, जहां दिनदहाड़े एक सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना बुधवार शाम की बताई जा रही है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिलखुआ क्षेत्र में ईदगाह के सामने स्थित एक मकान में रहने वाला परिवार किसी शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाहर गया हुआ था। इसी दौरान घर के सूना होने का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने मौके का फायदा उठाया और घर को अपना निशाना बना लिया।

बताया जा रहा है कि चोरों ने पहले मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और फिर अंदर घुसकर पूरे घर को खंगाल डाला। घर में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान को चोर बड़ी ही आसानी से समेटकर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिससे किसी को भनक तक नहीं लग सकी।जब परिवार शादी समारोह से वापस लौटा, तो घर का टूटा हुआ दरवाजा और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। पीड़ित परिवार ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कोतवाली पिलखुआ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में पुलिस को कुछ अहम सुराग मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी की घटना से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, तो ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ सकती हैं।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है और अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





