दिनांक:26/04/2026
रिपोर्ट by: संवादाता कमलेश कुमार
स्मार्ट मीटरों के खिलाफ हरदोई में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, बढ़ते बिजली बिल और कटौती से जनता परेशान—पुराने मीटर बहाल करने की मांग तेज।
हरदोई। जनपद में लगाए जा रहे स्मार्ट बिजली मीटरों के विरोध में जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कचहरी और सिनेमा चौराहा सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर नारेबाज़ी करते हुए विरोध जताया और जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लागू होने के बाद बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है, जिससे गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्गीय परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है। कार्यकर्ताओं का कहना था कि नई व्यवस्था आम जनता के लिए राहत के बजाय परेशानी का कारण बन गई है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडे ने कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता से खुली लूट की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ते बिजली बिलों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है और सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नहीं दिख रही है। वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने कहा कि हरदोई में स्मार्ट मीटर व्यवस्था पूरी तरह फेल साबित हो रही है। उन्होंने बिना सूचना बिजली कटौती, तकनीकी खामियों और उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान में लापरवाही को लेकर नाराज़गी जताई।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। ज्ञापन में मांग की गई है कि स्मार्ट मीटरों की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, बढ़े हुए बिजली बिलों की समीक्षा कर उपभोक्ताओं को राहत दी जाए, बिना सूचना बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए और शिकायतों के त्वरित निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही पुराने मीटरों को दोबारा लागू करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।

इस दौरान प्रदर्शन में डॉ. राजीव सिंह, मोहन सिंह, अजीत विशाल, नंदवंशी, मंजू लता मित्र, आफ़ताब हैदर, राजेंद्र वर्मा, उमा राजवंशी, हसन अहमद, आशीष पाल, सुनीता देवी, रामबहोर, रूपलाल कोरी, गोपाल पांडे, अजीत सिंह चंदेल, विनीत वर्मा, अमित चंद्रा, अनूप सिंह, इस्लाम गाज़ी, सर्वेश कुशवाहा, रामचंद्र वर्मा, मोरध्वज वर्मा, शिल्पी वर्मा, लक्ष्मी वर्मा, ममता पाल, अनूप दीक्षित, आज़म ख़ान, श्रवण राजपूत, अखिलेश पांडे, शरीफ़ अहमद, धर्मेंद्र सिंह, अनूप तिवारी, रामदत्त सविता, मेहताब अहमद, राजकुमार सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।कांग्रेस के इस प्रदर्शन से साफ है कि स्मार्ट मीटर को लेकर जनपद में असंतोष बढ़ता जा रहा है और आने वाले समय में यह मुद्दा और अधिक तूल पकड़ सकता है।




