दिनांक:26/04/2026
रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी
हापुड़: गांव खेड़ा में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, 6 महीने के मासूम के सिर से उठा मां का साया, जांच में जुटी पुलिस।
हापुड़ जनपद के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के गांव खेड़ा में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां एक विवाहिता का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई।मृतका की पहचान 24 वर्षीय संगीता पत्नी शुभम तोमर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संगीता की शादी वर्ष 2020 में हुई थी और वह धौलाना क्षेत्र के मोहल्ला तिवारी की मूल निवासी थी। परिवार में उस समय मातम छा गया जब यह खबर फैली कि संगीता अब इस दुनिया में नहीं रही। खास बात यह है कि मृतका का एक 6 महीने का मासूम बच्चा भी है, जिसके सिर से मां का साया उठ जाने से परिवार का दर्द और भी गहरा हो गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रविवार सुबह पति शुभम ने जब कमरे में जाकर देखा तो संगीता फंदे से लटकी हुई थी। यह दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। आनन-फानन में परिजनों की मदद से उसे नीचे उतारा गया और तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही पिलखुवा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।

इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव खेड़ा में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है।


स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।



