दिनांक:30/04/2026
रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी
पिलखुवा में मौसम का अचानक बदला मिजाज, गरज-चमक के साथ बारिश से गर्मी से मिली राहत।
जनपद हापुड़ के पिलखुवा क्षेत्र में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट लेकर लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी। सुबह से ही तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित कर रखा था। लोग घरों से निकलने में भी हिचक रहे थे और सड़कों पर सन्नाटा सा नजर आ रहा था।लेकिन दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान में काले बादल छा गए और कुछ ही देर में तेज गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। बिजली की कड़क और हल्की आंधी के बीच हुई इस बारिश ने पूरे क्षेत्र का मौसम सुहावना कर दिया। तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने राहत की सांस ली।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले कई दिनों से लगातार बढ़ती गर्मी से हालात बेहद परेशान करने वाले हो गए थे। ऐसे में यह बारिश किसी राहत से कम नहीं है। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी इस बदले मौसम का आनंद लेते नजर आए, वहीं कई लोग घरों की छतों और गलियों में बारिश का लुत्फ उठाते दिखे।मौसम विभाग द्वारा पहले ही आंधी और बारिश की संभावना जताई गई थी, जो अब सही साबित होती दिखाई दे रही है। विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में भी मौसम में ऐसे ही उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं, जिससे गर्मी के असर में कमी आने की उम्मीद है।फिलहाल पिलखुवा और आसपास के क्षेत्रों में मौसम सुहावना बना हुआ है, और लोगों को चिलचिलाती गर्मी से काफी राहत मिल रही है।



स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।



