दिनांक:06/05/2026
रिपोर्ट by: संवादाता शराफत सैफी
हापुड़ के जेएमएस ग्रुप को बड़ी शैक्षणिक उपलब्धि, 2026-27 सत्र के लिए तीन नए पाठ्यक्रमों को मिली मंजूरी।
हापुड़ जनपद के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी और सकारात्मक खबर सामने आई है। जे.एम.एस. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए तीन नए पाठ्यक्रमों की आधिकारिक मंजूरी प्राप्त हुई है। यह अनुमोदन चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ द्वारा प्रदान किया गया है, जिससे संस्थान की शैक्षणिक क्षमता और विस्तार को नई दिशा मिली है।नए स्वीकृत पाठ्यक्रमों में बी.एससी. एग्रीकल्चर, बी.एससी. होम साइंस और बी.एससी. माइक्रोबायोलॉजी शामिल हैं। इन पाठ्यक्रमों के शुरू होने से हापुड़ और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अब आधुनिक और रोजगारपरक शिक्षा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगी। इससे छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बड़े शहरों, विशेषकर एनसीआर और दिल्ली की ओर रुख करने की आवश्यकता कम होगी।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में जे.एम.एस. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस परिसर में “जश्न-ए-सफलता” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान संस्थान के प्रबंधन, शिक्षकगण और अन्य स्टाफ सदस्यों ने एकत्रित होकर केक काटा और अपनी खुशी साझा की। पूरे परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।संस्थान के सचिव डॉ. रोहन सिंघल एवं प्रबंध निदेशक डॉ. आयुष सिंघल ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि संस्थान पहले से ही विभिन्न स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रमों का सफल संचालन कर रहा है। इनमें बी.टेक, पॉलिटेक्निक, बीबीए, बीसीए, बीकॉम, बीए, बी.एससी. (बायोटेक्नोलॉजी, कंप्यूटर साइंस, मैथ्स, बायो), बीए एलएलबी, एलएलबी, बी.फार्म, डी.फार्म, एमबीए, एमसीए और ओ-लेवल (NIELIT) जैसे कोर्स शामिल हैं।प्रबंध निदेशक डॉ. आयुष सिंघल ने कहा कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ उच्च शिक्षा प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि जे.एम.एस. ग्रुप निरंतर ऐसे पाठ्यक्रमों को शुरू करने का प्रयास करता है, जो न केवल अकादमिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हों बल्कि छात्रों के रोजगार के अवसर भी बढ़ाएं।
![]()
वहीं, संस्थान के सचिव डॉ. रोहन सिंघल ने बताया कि डायरेक्टर जनरल प्रो. (डॉ.) सुभाष गौतम के कुशल नेतृत्व में संस्थान निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि संस्थान के निदेशक, प्राचार्य, डीन, विभागाध्यक्षों और प्राध्यापकों के सहयोग से छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।नए पाठ्यक्रमों की मंजूरी से क्षेत्र के विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि एग्रीकल्चर, होम साइंस और माइक्रोबायोलॉजी जैसे विषय वर्तमान समय में न केवल ज्ञानवर्धक हैं बल्कि इनमें रोजगार की भी व्यापक संभावनाएं हैं।कुल मिलाकर, जे.एम.एस. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की यह उपलब्धि न केवल संस्थान के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे हापुड़ जनपद के लिए भी एक महत्वपूर्ण कदम है, जो क्षेत्र में उच्च शिक्षा के स्तर को और सशक्त बनाएगा।



स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।



