दिनांक:08/05/2026
रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी
आनंदा डेयरी से 25 लाख की रंगदारी मांगने पर हड़कंप, सिक्योरिटी एडमिन को जान से मारने की धमकी; कोर्ट के आदेश पर 8 आरोपियों पर मुकदमा।
हापुड़। जनपद हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में स्थित खैरपुर-खैराबाद की आनंदा डेयरी एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार मामला 25 लाख रुपये की कथित रंगदारी, जान से मारने की धमकी और फायरिंग से जुड़ा है। घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।जानकारी के अनुसार आनंदा डेयरी में सिक्योरिटी एडमिन के पद पर कार्यरत सुशांत पांडे पुत्र रविशंकर पांडे ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि नीरज गैंग से जुड़े लोग लगातार उनसे रंगदारी की मांग कर रहे थे। आरोप है कि रकम न देने पर उन्हें और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
![]()
पीड़ित के मुताबिक डेयरी के अध्यक्ष राधेश्याम दीक्षित को भी एक धमकी भरा पत्र भेजा गया, जिसमें 25 लाख रुपये मेरठ के कंकरखेड़ा क्षेत्र में पहुंचाने का दबाव बनाया गया। आरोपियों ने कई बार फोन कर रास्ते से उठाने और जान से खत्म करने जैसी धमकियां भी दीं।मामला उस समय और गंभीर हो गया जब सुशांत पांडे मंदिर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में उन्हें रोककर मारपीट की गई और बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने अवैध तमंचे से फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की। घटना के बाद पीड़ित परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है।कोर्ट के आदेश पर पिलखुवा कोतवाली पुलिस ने नीरज, अंशु, आदेश, उदयवीर, दीपांशु और अमृत समेत दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।




स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।



