दिनांक:10/05/2026
रिपोर्ट by: संवादाता गुलफाम सैफी
हापुड़ के पलवाड़ा में कुरैशी समाज का बड़ा फैसला: शादी में डीजे बजा तो नहीं होगा निकाह।
बहादुरगढ़/हापुड़। जनपद हापुड़ की गढ़मुक्तेश्वर तहसील के गांव पलवाड़ा में कुरैशी समाज ने सामाजिक सुधार और धार्मिक परंपराओं को ध्यान में रखते हुए एक अहम फैसला लिया है। गांव में आयोजित पंचायत में समाज के लोगों ने सर्वसम्मति से तय किया कि अब कुरैशी समाज की किसी भी शादी समारोह में डीजे नहीं बजाया जाएगा। यदि किसी शादी में डीजे बजता पाया गया तो उस निकाह को नहीं पढ़ाया जाएगा और समाज का कोई भी व्यक्ति उस समारोह में शामिल नहीं होगा।
![]()
शुक्रवार को जुमा की नमाज के बाद सितारा मस्जिद में आयोजित बैठक में समाज के सम्मानित लोगों ने इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में यह भी तय किया गया कि मैय्यत की रोटी सादगी के साथ दी जाएगी और फिजूलखर्ची से बचने का प्रयास किया जाएगा। समाज के लोगों ने इस फैसले को सामाजिक एकता और धार्मिक मूल्यों की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।बैठक में हाजी इजलाल कुरैशी, डॉ. तलहा इजलाल, फारूक इशाक, आरिफ कुरैशी, शमशाद, याकूब कुरैशी, वकील प्रधान, मुखिया जी, निसार अहमद, अख्तर कुरैशी, वकील ठेकेदार, वली मोहम्मद, दिलशाद ठेकेदार समेत बड़ी संख्या में कुरैशी समाज के लोग मौजूद रहे। बैठक के बाद समाज के लोगों ने एक इकरारनामा पर हस्ताक्षर कर फैसले को लागू करने की सहमति भी दी।

समाज की ओर से हाजी इजलाल कुरैशी के नेतृत्व में एक निगरानी कमेटी का गठन किया गया है, जो इस निर्णय के पालन पर नजर रखेगी। हाजी इजलाल कुरैशी ने कहा कि डीजे की तेज आवाज से लोगों को परेशानी होती है और स्वास्थ्य पर भी असर पड़ता है। साथ ही उन्होंने कहा कि धार्मिक दृष्टि से भी नाच-गाना उचित नहीं माना जाता। इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए समाज ने आपसी सहमति से यह निर्णय लिया है।



स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।



