दिनांक:01/08/2026
रिपोर्ट by: संवादाता सूरज गुप्ता
संडीला डबल मर्डर का 48 घंटे में खुलासा: प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश में रची गई थी दोहरी हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार, तीन बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में।
हरदोई/संडीला। संडीला कोतवाली क्षेत्र के तकिया-आटामऊ मार्ग पर 30 जुलाई को हुई दोहरे हत्याकांड की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस जांच के अनुसार इस दोहरे हत्याकांड के पीछे प्रेम प्रसंग, आपसी नाराजगी और बदले की भावना प्रमुख कारण रहे।पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान अरुण चौरसिया, निवासी ग्राम रैसो, थाना कछौना तथा अभिषेक चौरसिया, निवासी गोहिनिया, थाना कछौना के रूप में हुई है। मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कुलदीप और प्रमोद, दोनों निवासी ग्राम तकिया, थाना संडीला के रूप में हुई है।पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि मृतक अरुण का एक बाल अपचारी की बहन से मोबाइल फोन पर लगातार संपर्क था और दोनों के बीच मुलाकात भी होती थी। इसी बात को लेकर आरोपियों में लंबे समय से नाराजगी थी। पुलिस का कहना है कि इसी विवाद ने धीरे-धीरे गंभीर रूप ले लिया और आरोपियों ने अरुण की हत्या की योजना तैयार कर ली। योजना के तहत घटना से करीब दो दिन पहले बांस के डंडे तैयार कर घटनास्थल के आसपास छिपा दिए गए थे ताकि वारदात को अंजाम देने में आसानी हो सके।जांच में यह भी सामने आया कि 29 जुलाई को आरोपियों ने अरुण और उसके साथी अभिषेक को कोल्ड ड्रिंक पार्टी के बहाने सुनसान स्थान पर बुलाया। दोनों युवकों के वहां पहुंचने के बाद पहले उन पर बांस के डंडों और ईंटों से ताबड़तोड़ हमला किया गया। हमले के दौरान जब आरोपियों को लगा कि अरुण की सांसें अभी चल रही हैं, तब कथित रूप से उसके चेहरे पर 315 बोर के तमंचे से गोली मार दी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद दोनों शवों को वहीं छोड़कर आरोपी फरार हो गए।पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद आरोपी मृतकों के मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए। जांच को भटकाने और पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से मोबाइल फोन को कुछ समय तक चालू रखने का प्रयास किया गया, ताकि उनकी वास्तविक लोकेशन और घटनाक्रम को लेकर भ्रम की स्थिति बनी रहे।घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने सर्विलांस, तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल कॉल डिटेल, स्थानीय सूचना तंत्र तथा संदिग्धों से गहन पूछताछ का सहारा लिया। इन सभी तथ्यों के आधार पर पुलिस ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 315 बोर का एक अवैध तमंचा, खोखा कारतूस, दोनों मृतकों के मोबाइल फोन, वारदात में प्रयुक्त बांस के डंडे, कोल्ड ड्रिंक की बोतल, प्लास्टिक के गिलास तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। बरामद सामग्री को पुलिस ने जांच का हिस्सा बनाते हुए फॉरेंसिक परीक्षण के लिए भी सुरक्षित किया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी साक्ष्यों को संकलित किया जा रहा है और विधिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई जारी है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि विवेचना के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस बहुचर्चित दोहरे हत्याकांड के त्वरित खुलासे को पुलिस जांच की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है, जबकि पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है।








